
खटीमा के नौगवां ठग्गू में श्री गौरी शंकर महादेव मन्दिर प्रांगण में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। उन्होंने नव दम्पतियों को अपना आशीर्वाद, बधाई और शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर 41 कन्याओं का विवाह संपन्न हुआ।
सामूहिक विवाह: समानता और सादगी का संदेश
मुख्यमंत्री ने समारोह में कहा कि सामूहिक विवाह समाज में समानता और सादगी लाता है। यह अनावश्यक व्यय को कम करने में सहायक होता है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों से कहा कि विवाह जन्म-जन्मान्तर का पवित्र रिश्ता है, इसलिए आपसी विश्वास और सम्मान के साथ गृहस्थ जीवन को सुदृढ़ बनाते हुए जीवन यापन करें।
बेटियों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार बेटियों और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। राज्य में बेटियों को सरकारी नौकरी में 30% आरक्षण दिया गया है। इसके साथ ही नंदा गौरा योजना, छात्रवृत्ति, साइकिल योजना, शादी अनुदान जैसी अनेक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से बेटियों के प्रतिनिधित्व और सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
महिलाओं की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है और इसके लिए यूसीसी जैसे समानता एवं सुरक्षा कानून लागू किए गए हैं।
नवविवाहितों और आयोजकों को बधाई
मुख्यमंत्री ने समारोह के आयोजन में योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विवाह केवल वर-वधु नहीं बल्कि दो परिवारों को जोड़ने वाला पवित्र कार्य है। नव दम्पतियों को आशीर्वाद देते हुए उन्होंने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
श्री गौरी शंकर महादेव मन्दिर के सौंदर्यकरण हेतु निधि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मन्दिर के प्रांगण के सौंदर्यकरण हेतु 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।
उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जामंत्री अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, पूर्व विधायक डा प्रेम सिंह राणा, दान सिंह रावत, सतीश भट्ट, सुमित यादव, तरुण ठाकुर, सौरभ अग्रवाल, संजीव ज्याला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



