
देहरादून। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 21 जनवरी 2026 को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे धार्मिक, सांस्कृतिक और स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा प्रदेश को कई अहम संदेश देंगे।
ऋषिकेश में गीता प्रेस के शताब्दी अंक का विमोचन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 21 जनवरी 2026 को दोपहर 2:45 बजे ऋषिकेश स्थित गीता भवन, स्वर्गाश्रम में पहुंचेंगे। यहां वे गीता प्रेस द्वारा प्रकाशित प्रतिष्ठित मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी अंक के विमोचन समारोह को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर धर्म, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर उनका उद्बोधन प्रस्तावित है।
हरिद्वार में पतंजलि इमरजेंसी एवं क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का उद्घाटन
22 जनवरी 2026 को सुबह 10:00 बजे केन्द्रीय मंत्री अमित शाह हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ, महर्षि दयानंद ग्राम में निर्मित “पतंजलि इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल” का विधिवत उद्घाटन करेंगे। यह अत्याधुनिक अस्पताल आपातकालीन और गंभीर रोगों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में अखंड ज्योति के दर्शन
अस्पताल उद्घाटन के पश्चात सुबह 10:45 बजे श्री शाह हरिद्वार स्थित गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुंचेंगे, जहां वे अखंड ज्योति के दर्शन कर आध्यात्मिक कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
शताब्दी वर्ष समारोह 2026 में सहभागिता
इसके उपरांत सुबह 11:15 बजे केन्द्रीय गृह मंत्री बैरागी द्वीप, हरिद्वार में गायत्री परिवार द्वारा आयोजित माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी एवं अखंड दीप शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित ‘शताब्दी वर्ष समारोह 2026’ में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में देशभर से श्रद्धालु एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।



