उत्तराखंडराज्य

अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेस की जनजागरण यात्रा का दूसरा चरण शुरू

देहरादून में शुक्रवार को अग्निपथ–अग्निवीर योजना के खिलाफ कांग्रेस द्वारा आयोजित जनजागरण यात्रा के दूसरे चरण का शुभारंभ किया गया। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से यात्रा को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य करण माहरा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी के नेतृत्व में निकाली जा रही है।

अग्निपथ योजना से उत्तराखंड की आर्थिकी पर चोट: करण माहरा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए करण माहरा ने कहा कि केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना ने न केवल देश की सैन्य व्यवस्था को प्रभावित किया है, बल्कि उत्तराखंड की आर्थिक और सामाजिक संरचना को भी गहरी क्षति पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं के लिए सेना हमेशा से आजीविका, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा का सबसे मजबूत माध्यम रही है।

चार साल की अस्थायी भर्ती से युवाओं में निराशा

करण माहरा ने कहा कि अग्निवीर के तहत चार साल की अस्थायी भर्ती व्यवस्था ने युवाओं के सपनों को तोड़ दिया है। इस नीति के कारण सेना में करियर की स्थिरता समाप्त हो रही है, जिससे युवाओं का रुझान कम हुआ है और बेरोजगारी बढ़ रही है। इसका सीधा असर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने जनजागरण यात्रा के सफल आयोजन के लिए कर्नल नेगी और उनकी टीम को शुभकामनाएं दीं।

भाजपा पर सेना के नाम पर राजनीति करने का आरोप

कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर सेना और सैनिकों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता और वोट के लिए सेना के नाम का उपयोग करती है, लेकिन अग्निपथ योजना लागू कर नियमित सैन्य भर्ती प्रक्रिया को लगभग समाप्त कर दिया गया है, जिससे सेना की ताकत कमजोर हो रही है।

पूर्व सैनिकों के अधिकारों की अनदेखी का मुद्दा

सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड में पूर्व सैनिकों के लिए गठित उपनल संस्था के कर्मचारियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद समान कार्य के लिए समान वेतन और नियमितीकरण का लाभ नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने अग्निपथ योजना को देश की सैन्य शक्ति को कमजोर करने वाली विनाशकारी योजना बताया।

पहले चरण को मिला जनता का समर्थन: कर्नल नेगी

पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने कहा कि जनजागरण यात्रा के पहले चरण को गढ़वाल क्षेत्र में जनता का व्यापक समर्थन मिला। युवाओं और आम नागरिकों ने अग्निपथ योजना के दुष्परिणामों को समझते हुए कांग्रेस के अभियान का समर्थन किया।

दूसरे चरण का विस्तृत कार्यक्रम

कर्नल नेगी ने बताया कि यात्रा के दूसरे चरण के तहत 20 दिसंबर की सायं लालकुआं और रामनगर पहुंचकर रात्रि विश्राम किया जाएगा। 21 दिसंबर को रामनगर में रैली के बाद रात्रि विश्राम रानीखेत में होगा। 22 दिसंबर को रानीखेत में रैली आयोजित कर अल्मोड़ा में रात्रि विश्राम किया जाएगा। 23 दिसंबर को अल्मोड़ा में रैली के पश्चात हल्द्वानी में रात्रि विश्राम होगा। 24 दिसंबर को बिंदुखत्ता और बाजपुर में रैलियां आयोजित कर यात्रा देहरादून के लिए प्रस्थान करेगी।

कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता और पूर्व सैनिक शामिल

इस अवसर पर महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, सुजाता पॉल, शिवांगी मिश्रा, पंकज क्षेत्री, आर.पी. ध्यानी, लेफ्टिनेंट सहदेव शर्मा, गोपाल सिंह गड़िया, बलवीर सिंह पंवार, राजपाल सिंह, महेश कुकरेती, लाल चंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button