उत्तराखंडराज्य

पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना की प्रगति की समीक्षा बैठक

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शनिवार को अपने कैम्प कार्यालय में पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, क्योंकि यह प्रदेश की महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसके पूर्ण होने से कुमाऊँ मंडल की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

विभागीय भवनों का ध्वस्तीकरण आवश्यक

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि एयरपोर्ट विस्तार क्षेत्र में आने वाले विभागीय भवनों का ध्वस्तीकरण 31 दिसंबर तक पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई विभाग समय सीमा का पालन नहीं करता है, तो 1 जनवरी से बुलडोज़र द्वारा अनिवार्य रूप से ध्वस्तीकरण कराया जाएगा।

निर्माणाधीन पंतनगर थाना भवन की समीक्षा

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन पंतनगर थाना भवन की स्थिति का जायजा लिया। उपजिलाधिकारी रुद्रपुर ने बताया कि लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और बाकी कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा। जिलाधिकारी ने थाना भवन को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

पेड़ काटने और बाउंड्री वॉल निर्माण में तेजी

जिलाधिकारी ने डीएफओ को एयरपोर्ट विस्तार क्षेत्र में पेड़ों के कटान कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य में कोई देरी न हो। इसी क्रम में पंतनगर एयरपोर्ट निदेशक को बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाने के आदेश दिए गए।

समन्वय और निरीक्षण की व्यवस्था

उपजिलाधिकारी रुद्रपुर को निर्देश दिए गए कि विद्युत विभाग, वन विभाग, एनएचएआई और एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ संयुक्त टीम बनाकर स्थलीय निरीक्षण किया जाए और एयरपोर्ट विस्तार की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए।

अनुपस्थिति पर सख्त कार्रवाई

बैठक में अनुपस्थित रहने वाले पंतनगर विश्वविद्यालय के डैम बी.एस. चलाल और वित्त नियंत्रक आभा गर्खाल का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश जिलाधिकारी ने दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी महत्वपूर्ण परियोजना की बैठकों में अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा और भविष्य में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

परियोजना को समयबद्ध पूर्ण करने का आग्रह

जिलाधिकारी भदौरिया ने समस्त विभागीय अधिकारियों से कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विभागों को गंभीरता, समन्वय और त्वरित गति से कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि परियोजना निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी हो सके।

बैठक में उपस्थित अधिकारी

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, डीएफओ यू.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, गौरव पाण्डे, निदेशक पंतनगर एयरपोर्ट पवन कुमार और पीडी एनएचएआई अंचल जिंदल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button