उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड में विकास को नई रफ्तार: CM धामी ने ₹170 करोड़ की परियोजनाओं को दी मंज़ूरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्यभर में विकास की रफ्तार तेज़ करते हुए कुल ₹170.13 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस स्वीकृति में कुंभ मेला–2027 की तैयारियों से लेकर सड़क निर्माण, पुलों के निर्माण और सामुदायिक सुविधाओं के विकास तक कई अहम योजनाएं शामिल हैं।

कुंभ मेला–2027 के निर्माण कार्यों को मिली मंज़ूरी

राज्य स्तरीय एम्पावर्ड समिति की बैठक में कुंभ मेला–2027 के 11 नए निर्माण कार्यों हेतु ₹37.34 करोड़ की संस्तुति को मुख्यमंत्री ने अनुमोदित कर दिया है। इससे मेले की आधारभूत संरचना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण बढ़त मिलेगी।

अग्निशमन सेवाओं का आधुनिकीकरण

15वें वित्त आयोग की अनुशंसाओं के तहत राज्य में अग्निशमन सेवाओं के सुदृढ़ीकरण व आधुनिकीकरण के लिए ₹79 करोड़ की राशि को भी स्वीकृति प्राप्त हुई है। इससे प्रदेश की आपदा एवं अग्नि सुरक्षा क्षमता में बड़ा सुधार होगा।

पौड़ी और प्रतापनगर में सड़क परियोजनाओं को मंजूरी

राज्य योजना के अंतर्गत—

जनपद पौड़ी गढ़वाल के पाबौ ब्लॉक में सीकू–तिमली मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण हेतु ₹3.26 करोड़,

प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में पीपलडाली से म्यूंडा ललवाली तक नए मोटर मार्ग के निर्माण हेतु ₹1.78 करोड़,
की स्वीकृति प्रदान की गई है। ये सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन व विकास को नई दिशा देंगी।

चम्पावत और टिहरी में घोषित परियोजनाओं को मिली स्वीकृति

मुख्यमंत्री घोषणा के तहत—

चम्पावत जिले के टनकपुर क्षेत्र में ग्राम पंचायत नायकगोठ के किरोड़ा नाले पर 480 मीटर व 120 मीटर स्पान वाले पुल के निर्माण हेतु ₹48.38 करोड़, टिहरी जिले में नई टिहरी स्थित विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु पूर्व में स्वीकृत धनराशि के अतिरिक्त ₹36.74 लाख, की राशि का अनुमोदन किया गया है।

इन सभी स्वीकृतियों के साथ राज्य में बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button