उत्तराखंडराज्य

रुद्रपुर: एग्रीस्टैक योजना के तहत डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री का कार्य तेज़ी पर

रुद्रपुर: भारत सरकार की महत्वाकांक्षी ‘एग्रीस्टैक योजना’ के अंतर्गत उधम सिंह नगर (रुद्रपुर) जनपद में डिजिटल क्रॉप सर्वे (Digital Crop Survey) और फार्मर रजिस्ट्री (Farmer Registry) का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है।

मुख्य विकास अधिकारी (CDO) दिवेश शासनी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशों के क्रम में राजस्व, कृषि, उद्यान, गन्ना, पंचायत और सहकारिता विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को इस कार्य हेतु नामित कर आवंटित क्षेत्रों में तैनात किया गया है।

खेत-खेत पहुँचकर हो रहा फसलों का डिजिटल सर्वे

सीडीओ ने बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत नामित टीमें सीधे खेतों पर पहुँचकर बोई गई फसलों का सटीक डिजिटल विवरण दर्ज कर रही हैं। इस कार्य में राजस्व विभाग (पटवारी/लेखपाल), कृषि विभाग (सहायक कृषि अधिकारी), गन्ना विभाग (गन्ना पर्यवेक्षक व निरीक्षक) तथा उद्यान विभाग के कर्मचारी पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं।

घर-घर जाकर बनाई जा रही है फार्मर रजिस्ट्री

इसी क्रम में किसानों का एकीकृत डेटाबेस तैयार करने के लिए ग्राम-ग्राम और घर-घर जाकर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य भी सम्पादित किया जा रहा है। इसमें ग्राम विकास अधिकारी (VDO), ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO), मत्स्य निरीक्षक, डेयरी पर्यवेक्षक, सहकारिता सचिव, कृषि सखी तथा बैंक सखी आदि का सहयोग लिया जा रहा है।

सरकारी योजनाओं के लाभ हेतु अनिवार्य होगी रजिस्ट्री

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट रूप से अवगत कराया कि भविष्य में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित कृषि, उद्यान, पशुपालन, गन्ना, मत्स्य, डेयरी आदि विभागों की सभी जनकल्याणकारी व सब्सिडी योजनाओं का लाभ डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर ही प्रदान किया जाएगा। अतः सभी किसान भाई प्राथमिकता के आधार पर अपना विवरण दर्ज कराएं।

समस्या समाधान एवं अपील

प्रशासन ने सूचित किया है कि यदि किसी नागरिक या कृषक को सर्वे या रजिस्ट्री प्रक्रिया से संबंधित कोई शंका या समस्या हो, तो वे अपने निकटतम कृषि विभाग या राजस्व विभाग के कार्यालय में संपर्क कर समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के समस्त सम्मानित नागरिकों, कृषकों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे क्षेत्र में आने वाले कर्मचारियों को सही जानकारी प्रदान कर इस अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य में अपना आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button