
टनकपुर। उत्तराखंड के विभिन्न महाविद्यालयों में मंगलवार को छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हुई और मतदान के बाद परिणाम जारी किए गए। इसी क्रम में राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में भी दोपहर 1:00 बजे तक मतदान और दोपहर 2:00 बजे से मतगणना की प्रक्रिया पूरी की गई।
मतगणना के बाद एबीवीपी का हंगामा और धरना
मतगणना संपन्न होते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एनएसयूआई (NSUI) और महाविद्यालय प्रशासन पर मिलीभगत कर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। उन्होंने दोबारा मतगणना कराने तथा मतदान के समय की सीसीटीवी (CCTV) फुटेज दिखाए जाने की माँग की।
इस दौरान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एबीवीपी कार्यकर्ता मांग को लेकर महाविद्यालय में ही धरने पर बैठ गए और प्राध्यापकों तथा स्टाफ को बाहर जाने से रोक दिया। देर रात जब महाविद्यालय प्रशासन ने चुनाव परिणाम नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने का प्रयास किया, तो कार्यकर्ताओं ने फिर विरोध जताया। भारी बवाल के बीच आखिरकार महाविद्यालय ने देर रात चुनाव परिणाम की अधिकृत सूची जारी कर दी।
चुनाव परिणाम और विजेताओं की सूची
जारी परिणाम के अनुसार अधिकांश प्रमुख पदों पर एनएसयूआई ने जीत दर्ज की है:
-
अध्यक्ष: एनएसयूआई के ध्यान सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एबीवीपी के सुमित सिंह नायक को 15 मतों के अंतर से हराया। (ध्यान सिंह: 499 मत, सुमित सिंह नायक: 484 मत)
-
उपाध्यक्ष: एनएसयूआई के संदीप सिंह 59 मतों से विजयी रहे। (संदीप सिंह: 453 मत, एबीवीपी के रोहन गडकोटी: 394 मत, साहिल महर: 95 मत)
-
छात्रा उपाध्यक्ष: एनएसयूआई की रितिका ने 47 मतों से जीत दर्ज की। (रितिका: 494 मत, एबीवीपी की कंगना गुप्ता: 447 मत)
-
सचिव: एनएसयूआई के सुशील जोशी 10 मतों के अंतर से चुनाव जीते। (सुशील जोशी: 476 मत, एबीवीपी के वंश शर्मा: 464 मत)
-
संयुक्त सचिव: एबीवीपी की रिया आर्या ने 56 मतों के अंतर से जीत हासिल की। (रिया आर्या: 501 मत, एनएसयूआई की लक्षिता जोशी: 445 मत)
-
कोषाध्यक्ष: एबीवीपी की नीतू बिष्ट ने 334 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज की। (नीतू बिष्ट: 646 मत, एनएसयूआई की मुस्कान: 312 मत)
-
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (UR): एनएसयूआई की बबीता 101 मतों से विजयी रहीं। (बबीता: 516 मत, एबीवीपी की निर्मला महराना: 415 मत)



