उत्तराखंडराज्य

उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ-साथ अब खेल भूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है: नेगी

देहरादून। उत्तराखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ अब खेल भूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने यह बात आज शनिवार को एक स्थानीय रेस्टोरेंट में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।

संघ अध्यक्ष श्री नेगी ने कहा कि हाल ही में उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेल सफलतापूर्वक संपन्न हुए। राज्य में अब 25 से अधिक खेल एक साथ खेले जा सकते हैं, जिसके लिए विभिन्न शहरों में अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा चुका है। इसमें शूटिंग, साइकलिंग, फेंसिंग, जल क्रीड़ा और हॉकी जैसे प्रमुख खेल शामिल हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि हरिद्वार में राष्ट्रीय खेलों के बाद हाल ही में हल्द्वानी में आयोजित इंटरनेशनल फेंसिंग प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिसमें 17 देशों ने भाग लिया। वहीं, देहरादून में जूनियर बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है।

श्री नेगी ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्पोर्ट्स हॉस्टल बनाए जा रहे हैं। इस बार उत्तराखंड ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर 103 पदक हासिल किए और देश में सातवें स्थान पर रहा।

उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि बढ़ाई गई है और खिलाड़ियों को रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर बास्केटबॉल के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव संजय चौहान, जिला अध्यक्ष ललित नैयर, ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष भगवान कार्की और बास्केटबॉल के अध्यक्ष बजाज हीरा सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button