
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में करीब 17.80 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी शामिल रहा।
विकास कार्यों से क्षेत्र को मिलेगा नया आयाम
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के साथ-साथ पर्यटन एवं एडवेंचर गतिविधियों को भी निरंतर बढ़ावा दे रही है।

पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं पर सरकार का विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि मसूरी आज देश के प्रमुख पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रही है। उन्होंने बताया कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क के उच्चीकरण और जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना जैसे महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसके अलावा ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाल्दी नदी तथा न्यू कैंट रोड पर बाढ़ सुरक्षा संबंधी कार्य प्रगति पर हैं।

सरकार हर वादा निभाने के लिए प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना रुके और बिना थके जनता से किए गए हर वादे को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), दंगाइयों से नुकसान की भरपाई संबंधी कानून और नकल विरोधी कानून लागू कर सुशासन को और अधिक मजबूत बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं।
युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की स्टार्टअप नीति, एक जनपद-दो उत्पाद (ओडीओपी), हाउस ऑफ हिमालयाज, होमस्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहलें स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है तथा नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
कैबिनेट मंत्री ने विकास कार्यों की सराहना की
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में रहे ये प्रमुख लोग मौजूद
इस अवसर पर ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर, लक्ष्मण सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



