अंतर्राष्ट्रीय

फिलीपींस में भूकंप से लगातार बढ़ रहा मृतकों का आंकड़ा, अभी तक 69 की मौत, 150 से ज्यादा घायल

मध्य फिलीपींस में आए विनाशकारी भूकंप के बाद बचाव अभियान जारी है। बचाव कर्मियों ने ढहे मकानों और अन्य क्षतिग्रस्त इमारतों में खुदाई करने वाले वाली मशीनों और खोजी कुत्तों की मदद से जीवित लोगों की तलाश शुरू की है। फिलीपींस में आए शक्तिशाली भूकंप के कारण अब तक कम से कम 72 लोगों की मौत हो चुकी है और 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार की रात लगभग 10 बजे 6.9 तीव्रता का भूकंप आया जिससे सेबू प्रांत के बोगो शहर और आसपास के गांवों में कई मकान, नाइट क्लब और व्यापारिक इमारतें ढह गईं। इनके मलबे में कई लोग फंस गए हैं। इस भूकंप के कारण मारे गए लोगों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। छिटपुट बारिश और क्षतिग्रस्त पुलों एवं सड़कों के कारण बचाव अभियान में बाधा पैदा हुई है।

बचाव अभियान में आ रही हैं मुश्किलें

भूकंप का केंद्र बोगो से लगभग 19 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में 5 किलोमीटर की गहराई में था। बोगो सेबू प्रांत का एक तटीय शहर है और इसकी आबादी लगभग 90,000 है। बोगो शहर में आपदा कार्यों से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि कई इलाकों में बचाव अभियान चलाना कठिन है क्योंकि यहां खतरनाक स्थितियां हैं। उन्होंने बताया कि कुछ जीवित लोगों को पहाड़ी गांव से अस्पताल लाया गया है।

दहशत में थे लोग

फिलीपींस ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान ने भूकंप के बाद कुछ देर के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की थी। लोगों को तटीय क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह भी दी गई थी लेकिन कुछ ही घंटों बाद चेतावनी हटा ली गई थी। घबराए हुए हजारों लोगों ने चेतावनी वापस लिए जाने के बावजूद अपने घरों में लौटने से इनकार कर दिया था। लोग बारिश के बावजूद रात भर घरों से बाहर ही रहे।

‘स्कूलों और सरकारी कार्यालयों को किया गया बंद’

भूकंप प्रभावित शहरों और कस्बों में स्कूल एवं सरकारी कार्यालय बंद कर दिए गए हैं और इमारतों की सुरक्षा को लेकर जांच की जा रही है। ‘फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी’ के निदेशक टेरेसिटो बैकोलकोल ने बताया कि मंगलवार रात आए भूकंप के बाद 600 से अधिक झटके महसूस किए गए हैं। सेबू और अन्य प्रांत उस उष्णकटिबंधीय तूफान से अभी उबर रहे थे जिसने शुक्रवार को मध्य क्षेत्र में तबाही मचाई थी जिससे कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button