
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाली पिथौरागढ़ की महिला मुक्केबाज निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल को सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और ललित कुँवर को भी सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेलों में बेटियों का बढ़ता दबदबा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां खेल जगत में लगातार नए मुकाम हासिल कर रही हैं। उनकी लगन, प्रतिभा और कड़ी मेहनत से न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए बताया कि हाल ही में इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद ने 60 किलोग्राम और काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। वहीं, रोमानिया में आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में आरती धारियाल ने 54 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल कर उत्तराखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा हर संभव प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में खेल अवसंरचना को मजबूत करने, आधुनिक सुविधाएं विकसित करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
खेल विभाग के अधिकारी भी रहे मौजूद
सम्मान समारोह में विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा, सहायक निदेशक (खेल) संजीव पौरी, जिला खेल अधिकारी शबाली गुरंग सहित खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



