
रूद्रपुर। जनपद में 02 अक्टूबर गांधी जयंती समारोह धूमधाम से सम्मानपूर्वक मनाया जाएगा। गांधी जयती समारोह की रूपरेखा तैयार करने हेतु अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में वर्चुअल माध्यम से बैठक आयोजित हुई। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जहां-जहां भी गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमाएं स्थापित हैं. उनकी साफ-सफाई व रंग रोगन कराना सुनिश्चित करें साथ ही उन्होंने बताया कि समी शासकीय व अर्द्धशासकीय भवनों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा सभी कार्यालयों, विद्यालयों व अन्य सस्थाओं में प्रातः 8 बजे महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र का अनावरण व माल्यार्पण किया जाएगा उसके बाद गांधी व शास्त्री जी के जीवन संघर्ष, देश सेवा व उनके जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि निर्बलों के कल्याण संबंधी अंत्योदय की उनकी अवधारणा, भावनात्मक एकता, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के संबंध में गांधी जी के विचारों का संक्षेप में परिचय दिया जाए तथा विद्यालयों में भाषण, वाद विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित कराये जाने के निर्देश मुख्य शिक्षा अधिकारी को दिये। उन्होने कहा कि गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी के सादा जीवन उच्च विचार, मितव्ययिता, नैतिकता, भाईचारा तथा सर्वधर्म समभाव जैसे आदर्श जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी जाए।
बैठक में उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम सुनील जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमल अनिरूद्ध उपस्थित थे व जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत, सभी उप जिलाधिकारी, सभी एमएनए, ईओ नगर निकाय, अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे।



