
नानकमत्ता। सितारगंज-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए कार और बाइक की भीषण टक्कर में मारे गए बाइक सवार दूसरे युवक की भी शिनाख्त कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, राहुल चुनारो के परिजनों के खटीमा पहुंचने के बाद दूसरे मृतक की पहचान सुनिश्चित हो सकी।
नेपाल निवासी कमल खड़का के रूप में हुई पहचान
दूसरे मृतक की पहचान कमल खड़का पुत्र भीम बहादुर खड़का, निवासी दोधारा चांदनी, जिला कंचनपुर (नेपाल) के रूप में हुई है।
हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत
यह हादसा शुक्रवार की सुबह ग्राम बिडौरा मझोला मुख्य बाजार के पास हुआ था, जहां कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से दोनों को उप जिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया। दूसरे घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद कार में आग लग गई, जिससे दोनों वाहन जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
पहले एक मृतक की हुई थी पहचान
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में एक मृतक की पहचान राहुल चुनारो पुत्र लछी चुनारो, निवासी महेंद्रनगर (नेपाल) के रूप में की थी, जबकि दूसरे की पहचान उस समय नहीं हो सकी थी।
शनिवार को राहुल के परिजनों की मदद से पुलिस ने दूसरे मृतक की पहचान कमल खड़का के रूप में की। इसके बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।
परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
शनिवार शाम मृतक राहुल के पिता लछी चुनारो पुत्र श्री रंग चुनारो, निवासी दोधारा चांदनी, जिला कंचनपुर (नेपाल) ने कोतवाली में तहरीर दी।
तहरीर में कहा गया है कि उनका पुत्र अपने दोस्त कमल खड़का के साथ बाइक से खटीमा की ओर आ रहा था, तभी ग्राम बिडौरा मझोला के पास सामने से आ रही सफेद रंग की टैक्सी कार के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई।
पुलिस जांच जारी
सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



