
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा में समायोजित करने की प्रक्रिया निर्धारित समय के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की नियुक्ति को प्राथमिकता देते हुए खेल विभाग में ही रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि केंद्र सरकार की राष्ट्रीय खेल नीति-2025 के अनुरूप उत्तराखंड की नई खेल नीति तैयार की जाए, ताकि राज्य में खेलों के विकास को नई दिशा मिल सके। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गोलापार (हल्द्वानी) में आगामी माह से शैक्षणिक सत्र शुरू करने, प्रवेश प्रक्रिया में तेजी लाने तथा कोच, कर्मचारियों और अधिकारियों की नियुक्ति शीघ्र पूरी करने के निर्देश भी दिए।
मिनी स्टेडियम और खेल अवसंरचना के बेहतर उपयोग पर जोर
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने “एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम” योजना के तहत निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित खेल अवसंरचना के संरक्षण और रखरखाव के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा।
उन्होंने देहरादून, गोलापार, रुद्रपुर, टिहरी, हरिद्वार और पिथौरागढ़ स्थित खेल परिसरों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि इन सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक खिलाड़ियों तक पहुंचना चाहिए।
39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियां शुरू करने के निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को 39वें राष्ट्रीय खेल-2027 की तैयारियों को अभी से गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न खेल विधाओं में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान और चयन प्रक्रिया को तेज करने तथा “एक जिला-एक खेल” योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में निर्धारित खेलों के लिए नियमित कोचिंग, प्रतिभा खोज अभियान और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए। साथ ही जिला खेल छात्रावासों को संबंधित खेलों की प्रतिभा विकसित करने वाली नर्सरी के रूप में तैयार किया जाए।
खेल क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहा है आधारभूत ढांचा
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अब तक 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। “एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम” योजना के तहत राज्य में 48 मिनी स्टेडियमों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 10 अन्य स्टेडियमों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
इसके अलावा देश के पहले महिला आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण लोहाघाट में तेजी से किया जा रहा है। वहीं गोलापार स्थित उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय परिसर में 39 आधुनिक खेल एवं शैक्षणिक अवसंरचनाओं का विकास भी तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे राज्य में खेल शिक्षा और प्रशिक्षण को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।



