
खटीमा 25 सितम्बर, 2025। शहीद सम्मान यात्रा-2.0 के अन्तर्गत कंजाबाग डेरी फार्म, खटीमा के शहीद सूबेदार डम्बर चन्द के घर-ऑगन से शहीद की पत्नी श्रीमती तारा चन्द, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल चन्द्र प्रकाश कोठारी (से0नि0) आदि लोगों द्वारा ताम्र कलश में सम्मानपूर्वक मिट्टी संग्रहण किया गया।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी के कर्नल चन्द्र प्रकाश कोठारी (से0नि0) ने बताया कि 04 अक्टूबर 2025 तक शहीद सम्मान यात्रा के अंतर्गत शहीद सम्मान यात्रा-2.0 तथा 05 अक्टूबर 2025 को जनपद पौड़ी के लैंसडाउन स्थित गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर में शहीद सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा तथा भव्य समारोह में मा0 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा शहीद सैनिकों के आश्रितो को ताम्रपत्र प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के शहीदों के घर-आँगन से ताम्र कलशों में मिट्टी का संग्रहण कर उसे देहरादून स्थित शौर्य स्थल (सैन्यधाम) ने में प्रतिस्थापित किया जायेगा। जिनकी मिट्टी वर्ष 2021 में आयोजित यात्रा के दौरान एकत्रित नहीं हो पाई थी, साथ ही वर्ष 2021 के पश्चात शहीद हुए घर/आँगन की मिट्टी को भी संग्रहित कर सम्मानपूर्वक प्रतिस्थापित करना है। श्री कोठारी ने बताया कि 04 अक्टूबर को जिलाधिकारी कार्यालय से उपरोक्त शहीद सैनिकों के घर के आँगन की मिट्टी का फ्लैग ऑफ कर यात्रा पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन स्थित गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट के लिए रवाना किया जायेगा। उन्होंने बताया कि 05 अक्टूबर को लैंसडाउन के कार्यक्रम में प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री द्वारा राज्य के शहीद सैनिकों के आश्रितों को ताम्रपत्र प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी के कर्नल चन्द्र प्रकाश कोठारी (से0नि0), वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सैनिक कल्याण महेश चन्द्र भट्ट, सूवे0 मेजर सुन्दर सिंह, अजय कुमार, पुष्कर दत्त, आकाश कुमार, सुदर्शन बोरा, कुन्दन राम, पूर्व सैनिक संगठन के हीरा सिंह, बहादुर सिंह, भूपेन्द्र सिंह खोलिया, आनन्द सामन्त, भास्कर जोशी, गोविन्द चुफाल, शिव सिंह, प्रेम सिंह पोखरिया आदि मौजूद थे।



