
रुद्रपुर में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशन में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की गई। गुरुवार को अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने अपर जिलाधिकारी कार्यालय में नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे अभियान की प्रगति का आकलन किया।
गणना प्रपत्र वितरण और डिजिटलीकरण पर विशेष निर्देश
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) समयबद्ध तरीके से पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करें, उन्हें भरवाकर वापस प्राप्त करें और उनका डिजिटलीकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य एक सटीक और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दैनिक रिपोर्टिंग और निगरानी के निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने बीएलओ और रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गणना प्रपत्र वितरण की दैनिक रिपोर्ट शाम तक कंट्रोल रूम और निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं। साथ ही उन्होंने जनसामान्य से भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।
पुनरीक्षण कार्यक्रम की निर्धारित समय-सारिणी
बैठक में बताया गया कि 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन और गणना प्रपत्र भरने का कार्य पूरा करेंगे। इसके बाद मतदान केंद्रों का युक्तिकरण भी 7 जुलाई तक किया जाएगा।
मतदाता सूची का मसौदा 14 जुलाई तक प्रकाशित किया जाएगा। इसके पश्चात 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 14 जुलाई से 11 सितंबर तक चलेगी और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा।
उद्देश्य: त्रुटिरहित और विश्वसनीय मतदाता सूची
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मृत, स्थानांतरित, अपात्र और डुप्लीकेट मतदाताओं को हटाकर एक शुद्ध और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि एन्यूमरेशन चरण के दौरान किसी भी प्रकार के दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे।
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
अपर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपने कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने और बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे अभियान को निष्पक्ष, प्रभावी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगी।
नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को एसआईआर कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने और सप्ताह में एक बार राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में रहे अधिकारी मौजूद
इस समीक्षा बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत मौर्य, जिला सूचना अधिकारी गोविंद सिंह बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, तहसीलदार दिनेश कुटौला, सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी उप जिलाधिकारी और तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से जुड़े।



