उत्तराखंडराज्य

टिहरी दौरे पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं का लिया जायजा

टिहरी गढ़वाल के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बौराड़ी क्षेत्र में स्थित विभिन्न सरकारी संस्थानों का निरीक्षण कर विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, ढुंगीधार आंगनबाड़ी केंद्र, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय तथा बौराड़ी स्टेडियम का दौरा किया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

ढुंगीधार आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने बच्चों के पोषण स्तर, स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों की संख्या, उपलब्ध खेल सामग्री तथा पोषण आहार की गुणवत्ता का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की गई, जबकि बच्चों का वजन मापकर स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया गया।

मुख्य सचिव ने एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से घर-घर जाकर बच्चों की स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी बच्चा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे।

विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्थाओं का किया मूल्यांकन

राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान आनंद बर्द्धन ने मध्यान्ह भोजन योजना, छात्रों की उपस्थिति, फर्नीचर और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षकों के कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए बेहतर शिक्षण वातावरण बनाए रखने पर बल दिया।

श्रीदेव सुमन पुस्तकालय की विरासत और ज्ञान संपदा की सराहना

मुख्य सचिव ने श्रीदेव सुमन पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध पुस्तकों, ऐतिहासिक दस्तावेजों तथा दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि यह पुस्तकालय पुरानी टिहरी से विस्थापित होकर वर्तमान स्थान पर स्थापित किया गया है।

पुस्तकालय में राजशाही काल से लेकर समकालीन विषयों तक का समृद्ध साहित्य संग्रहित है, जो शोधकर्ताओं, साहित्य प्रेमियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण संसाधन साबित हो रहा है।

स्टेडियम और बैडमिंटन हॉल परियोजना की प्रगति की समीक्षा

इसके बाद मुख्य सचिव ने बौराड़ी स्टेडियम और प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर खेल सुविधाएं युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

विश्व पर्यावरण दिवस पर किया पौधारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत तथा अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा के पौधे रोपित किए। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के महत्व पर बल देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

निरीक्षण एवं पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button