उत्तराखंडराज्य

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर निर्वाचन विभाग अलर्ट, सभी जिलों को दिए जरूरी निर्देश

देहरादून। आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) को सफल और प्रभावी बनाने के लिए उत्तराखंड निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर. सी. पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारियों, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (AERO) के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

जनपदवार तैयारियों और प्रशिक्षण की हुई समीक्षा

बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलों में चल रही तैयारियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन जिलों में अभी तक बूथ लेवल एजेंट (BLA) की शत-प्रतिशत तैनाती नहीं हो पाई है, वहां जिलाधिकारी जल्द से जल्द राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कराएं।

इसके साथ ही जिन क्षेत्रों में बीएलए की तैनाती हो चुकी है, वहां उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश भी जारी किए गए, ताकि पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता और दक्षता के साथ संपन्न हो सके।

बड़ी सोसायटियों और आवासीय क्षेत्रों में लगेंगे विशेष कैंप

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि बड़े आवासीय क्षेत्रों, कॉलोनियों और हाउसिंग सोसायटियों में मतदाता पुनरीक्षण अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित जिलों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इन कैंपों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची से जुड़ी सेवाओं का लाभ दिया जाएगा और पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल कराया जाएगा।

BLO को आईडी कार्ड पहनकर ही करना होगा सत्यापन कार्य

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब भी BLO घर-घर जाकर सत्यापन कार्य करें, तो वे अनिवार्य रूप से निर्वाचन आयोग का अधिकृत पहचान पत्र पहनकर ही फील्ड में जाएं। इससे मतदाताओं में विश्वास बना रहेगा और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संचालित होगी।

प्रशिक्षण मॉड्यूल और लॉजिस्टिक्स पर भी हुई चर्चा

बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) से जुड़े प्रशिक्षण मॉड्यूल का प्रस्तुतीकरण भी किया गया। इसके अलावा गणना प्रपत्रों की छपाई, आवश्यक लॉजिस्टिक्स और वितरण व्यवस्था को लेकर विभिन्न जिलों से फीडबैक प्राप्त किया गया, ताकि अभियान को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सके।

वर्चुअल बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस समीक्षा बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button