
उधम सिंह नगर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने रुद्रपुर के गाबा चौक स्थित ‘ब्यूटी क्वीन स्पा एंड सैलून’ पर छापेमारी कर कथित देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ किया।
गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी
AHTU प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में टीम को सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर में बाहरी राज्यों से लाई गई लड़कियों से अनैतिक कार्य कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर अचानक छापेमारी की कार्रवाई की।
मौके से आपत्तिजनक सामग्री बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 5 मोबाइल फोन, 1 स्कैनर, रिसेप्शन रजिस्टर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। यह सामग्री जांच के लिए जब्त कर ली गई है।
छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें संचालिका, उसका पति, कर्मचारी और ग्राहक शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—
- लालनुनसियामी उर्फ किकी (संचालिका, मिजोरम)
- मोहम्मद शेहरियार (पति, बरेली)
- एच लालछनहिमा (हाउस कीपिंग, मिजोरम)
- दीपक सिंह (रिसेप्शनिस्ट, रुद्रपुर)
- संजय श्रीवास्तव (ग्राहक, पीलीभीत/रुद्रपुर)
- लालरमजावी उर्फ निकी (मिजोरम)
पांच युवतियों का रेस्क्यू, दो नाबालिग
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 5 युवतियों को रेस्क्यू किया, जिनमें से 2 नाबालिग हैं। सभी युवतियां मिजोरम की रहने वाली बताई गई हैं।
पूछताछ में सामने आया कि उन्हें काम का झांसा देकर लाया गया और बाद में धमकाकर ग्राहकों के साथ अनैतिक गतिविधियों के लिए मजबूर किया गया।
कई धाराओं में मामला दर्ज
इस मामले में मिजोरम के आइजोल स्थित ऑल वुमेन पुलिस स्टेशन में पहले से ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वहीं रुद्रपुर कोतवाली में भी भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अंतरराज्यीय समन्वय से जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस मिजोरम पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी के साथ उपनिरीक्षक रीता, सहायक उपनिरीक्षक संगीता चंद, महिला कांस्टेबल ममता मेहरा, सीमा, कांस्टेबल कृपाल सिंह, सूरज धामी, वीरेंद्र पांडे और राजेंद्र कुमार शामिल रहे।



