
सितारगंज में भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न मोर्चों के नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों के स्वागत के लिए नगर में भव्य जुलूस निकाला गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बाइक और कारों के साथ जुलूस में शामिल हुए।
महाराणा प्रताप चौक से तिरंगा चौक तक निकली रैली
जुलूस की शुरुआत नगर के महाराणा प्रताप चौक से हुई। यहां से बाइक रैली नगर के मुख्य चौराहों से होती हुई तिरंगा चौक तक पहुंची और बाद में वापस महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट पर कार्यक्रम का समापन किया गया।
जिला कार्यकारिणी गठन के बाद मिली नई जिम्मेदारियां
हाल ही में हुए जिला कार्यकारिणी गठन में कई पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसमें भीष्म नारायण विद्रोही को अनुसूचित जाति मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष, अंकित गोयल को भारतीय जनता युवा मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष, देवेश कुमार को अनुसूचित जाति मोर्चा का जिला मंत्री, सुमित बहादुर पाल को जिला सोशल मीडिया संयोजक और वीरू भारती को अनुसूचित मोर्चा का नगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने नगर में जुलूस निकालकर खुशी जाहिर की।
पार्टी नेतृत्व के प्रति जताया आभार
इस अवसर पर अंकित गोयल, जिला उपाध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा, ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।



